हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की शिमला की ऐतिहासिक रिज पर लगी प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम 15 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन प्रदेश में जारी आपदा की स्थिति को देखते हुए इसे टालने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस बात की जानकारी दी और कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को आगे के लिए स्थगित किया गया है।
इस कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना थी। अब नए कार्यक्रम की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। वीरभद्र सिंह को प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत स्तंभ माना जाता है। उनके सम्मान में यह प्रतिमा स्थापित की गई है।
इसी बीच, वीरभद्र सिंह की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर आज (मंगलवार) कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, शिमला में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कई पूर्व मंत्री, विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। सभी ने वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके योगदान को सराहा।
हालांकि, वीरभद्र सिंह के पुत्र और राज्य सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह इस श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नहीं हो सके। बताया गया कि वह किसी जरूरी कार्यवश दिल्ली में हैं। बावजूद इसके, कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।