अहमदाबाद में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के दौरान एक हाथी के बेकाबू हो जाने से भगदड़ मच गई। यह घटना सुबह करीब 10 बजे घटी, जब रथ यात्रा में सबसे आगे चल रहे 17 हाथियों के समूह में से एक हाथी अचानक उग्र हो गया। इसके बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात पर काबू पाया।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर तीन हाथियों—दो मादा और एक नर—को रथ यात्रा से हटा दिया गया है। अब यात्रा में 17 की बजाय 14 हाथी शामिल रहेंगे। इन हटाए गए हाथियों को आगे की रथ यात्राओं में भी सम्मिलित नहीं किया जाएगा।
रथ यात्रा की शुरुआत सुबह 7 बजे जमालपुर स्थित मंदिर से हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक पाहिंद विधि (सोने की झाड़ू से रास्ता साफ करना) कर यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले सुबह 5 से 6 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मूर्तियों को रथ पर विराजमान किया गया था। मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला आरती हुई, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनका परिवार भी शामिल हुआ। भगवान को खिचड़ी का भोग भी लगाया गया।
यह यात्रा दिनभर विभिन्न मार्गों से होकर शाम तक पुनः जमालपुर मंदिर लौटेगी। उधर पुरी में शाम 4 बजे रथ खींचने की परंपरा निभाई जाएगी, जबकि उदयपुर में भगवान करीब 80 किलो चांदी से बने रथ में सवार होंगे।