सावन के पहले सोमवार को लखनऊ शिवभक्ति में डूबा नजर आया। रात 12 बजे से ही शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। सुबह होने से पहले ही मंदिरों के पट खुल गए और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। मनकामेश्वर मंदिर में भक्तों की लगभग एक किलोमीटर लंबी लाइन देखने को मिली।
श्रद्धालु जल कलश, बेलपत्र और फूलों के साथ भगवान शिव को जल अर्पित करने पहुंचे। रविवार देर रात से ही भक्तों का मंदिरों की ओर रुख शुरू हो गया था। शहर के प्रमुख मंदिर जैसे बुद्धेश्वर, राजेंद्र नगर महाकाल और आशुतोष मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों को आकर्षक फूलों, रंगीन झालरों और रोशनी से सजाया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसरों में मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और सुरक्षा जांच के बाद ही भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा है। बैरिकेडिंग, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने खुद मंदिर परिसरों और उनके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। श्रद्धालु शांतिपूर्वक कतार में खड़े होकर दर्शन कर रहे हैं। सावन के इस पावन अवसर पर पूरे शहर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल है।

