JP Nadda Hospitalised: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्वस्थता और बेचैनी की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी
दिल्ली एम्स की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, जेपी नड्डा को 13 अगस्त 2026 की शाम बेचैनी महसूस हुई थी। इसके बाद अस्पताल में उनकी कई मेडिकल जांच की गईं, जिनमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल है।
एम्स के बयान के अनुसार, नड्डा की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी के लिए भर्ती रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
क्या होती है कोरोनरी एंजियोग्राफी?
कोरोनरी एंजियोग्राफी एक मेडिकल इमेजिंग प्रक्रिया है, जिसके जरिए हृदय तक रक्त पहुंचाने वाली कोरोनरी आर्टरीज की स्थिति की जांच की जाती है। इस जांच में डॉक्टर एक पतली ट्यूब यानी कैथेटर को आमतौर पर कलाई या कमर की रक्त वाहिका के जरिए हृदय तक पहुंचाते हैं।
इसके बाद एक विशेष कंट्रास्ट डाई का इस्तेमाल किया जाता है और एक्स-रे इमेजिंग के जरिए कोरोनरी आर्टरीज में किसी तरह की संकुचन या रुकावट की जांच की जाती है।
13 अगस्त को घर पर फहराया था तिरंगा
गौरतलब है कि जेपी नड्डा ने 13 अगस्त को अपने आवास पर परिवार के साथ तिरंगा फहराया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की थी।
नड्डा ने अपने संदेश में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया था कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से 9 से 17 अगस्त के बीच देश के विभिन्न शहरों और गांवों में ‘तिरंगा यात्रा’ और ‘तिरंगा अभियान’ के जरिए स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया जा रहा है।
फिलहाल जेपी नड्डा एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।
