मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया है। इस नशीले पदार्थ की कीमत एक करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार की रात गश्त के दौरान पुलिस को जंक्शन के पास तीन संदिग्ध युवक दिखे। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तीनों भागने लगे। पुलिस ने दो को पकड़ लिया, जबकि एक फरार हो गया। तलाशी में उनके पास से एक पैकेट में पाउडर मिला, जिसे उन्होंने सत्तू बताया।
संदेह होने पर DRI की टीम को बुलाया गया। जांच में पता चला कि यह एक किलोग्राम ब्राउन शुगर है। पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गया से कार से आए एक और तस्कर को भी पकड़ा गया।

