दिल्ली के जगतपुरी क्षेत्र के ओल्ड गोविंदपुरा में मंगलवार रात एक घर में भीषण आग लग गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने की यह घटना रात करीब 8:46 बजे हुई, जिसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 10 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से छह को सुरक्षित बचा लिया गया।
शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम के अनुसार, चार लोग झुलस गए थे जिन्हें नजदीकी डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय तनवीर और नुसरत के रूप में की गई है। वहीं, घायल फैजल और 18 वर्षीय आसिफ का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस घर में आग लगी, वहां पावर बैंक बनाने का काम किया जाता था। एक पड़ोसी युवक ने बताया कि वह अपने घर में बैठा था जब अचानक जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। पहले लगा कि शायद आंधी-तूफान है, लेकिन जब उसने दरवाजा खोला तो आग की तेज लपटें दिखाई दीं जो उनके घर की तरफ बढ़ रही थीं। उन्होंने तुरंत छत पर भागकर अपनी जान बचाई।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर डर और दुख का माहौल है।

