भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद रविवार को बॉर्डर से सटे राज्यों में हालात सामान्य होते दिखे। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, रामबन, रियासी सहित कई शहरों में सुबह से बाजार खुल गए। लोग घरों से बाहर निकले। सड़कों पर चहलकदमी दिखी।
राजस्थान में 27 कैंसिल ट्रेनों को बहाल कर दिया गया है। सीजफायर से पहले रेलवे ने 16 ट्रेनों को पूरी तरह और 11 ट्रेनों को आंशिक रूप से कैंसिल कर दिया था। पंजाब के फिरोजपुर में 8 ट्रेनों को सामान्य रूप से चलाने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें कुछ ट्रेनों का समय बदला गया था। कुछ ट्रेनें बंद की गई थीं।
हालांकि, 9 राज्यों में बंद किए गए 32 एयरपोर्ट्स अब भी बंद हैं। इन्हें 15 मई तक बंद करने का आदेश है। एयरपोर्ट्स खोलने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं आया है। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने 10 मई को बताया था कि यह आदेश 9 मई से 15 मई की सुबह 5.29 बजे तक लागू रहेगा।

