नई दिल्ली: ‘वंदे मातरम’ को लेकर देश में जारी राजनीतिक बहस के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बड़ा बयान दिया है। मसूद ने कहा कि वह राष्ट्रीय गीत का सम्मान करते हैं और इसके गायन के दौरान सम्मान में खड़े भी होंगे, लेकिन इसे गाएंगे नहीं। उन्होंने अपने फैसले के पीछे धार्मिक विश्वास और संविधान से मिले अधिकारों का हवाला दिया है।
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा, “मैं अल्लाह के अलावा किसी की इबादत नहीं कर सकता। यह अधिकार मुझे संविधान ने दिया है और कोई इसे मुझसे छीन नहीं सकता। लेकिन मैं ‘वंदे मातरम’ का अपमान भी नहीं करूंगा। मैं इसे गाऊंगा नहीं, लेकिन इसके सम्मान में खड़ा जरूर होऊंगा।”
मसूद ने IANS से बातचीत में यह भी कहा कि उन्होंने पहले कभी ‘वंदे मातरम’ नहीं गाया और आगे भी इसे नहीं गाएंगे। हालांकि, जब राष्ट्रीय गीत का गायन होगा तो वह सम्मान में खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी को ‘वंदे मातरम’ के प्रचार से कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन इस मुद्दे पर बहस करने से पहले इसके इतिहास और पृष्ठभूमि को समझना जरूरी है।
अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इमरान मसूद का यह बयान ऐसे समय आया है जब ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप लगाया।
अमित शाह ने दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गायन रोकने का इशारा किया था। शाह ने कहा कि देश की जनता इस घटना को देख रही है और इसे माफ नहीं करेगी।
सोनिया गांधी की ओर से सफाई
कांग्रेस ने अमित शाह के आरोपों को खारिज किया है। सोनिया गांधी की ओर से स्पष्ट किया गया कि उन्होंने ‘वंदे मातरम’ का गायन रुकवाने का कोई इशारा नहीं किया था। उनके मुताबिक, वह केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगाने का संकेत दे रही थीं, क्योंकि खड़गे काफी देर से खड़े थे।
सोनिया, राहुल और खड़गे के खिलाफ शिकायत
इस बीच ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान को लेकर ओडिशा में भी राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की ओडिशा इकाई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीटीआई के मुताबिक, ओडिशा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने कहा कि पार्टी ने तीनों कांग्रेस नेताओं के खिलाफ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान और उसके गायन में बाधा डालने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पहली बार ‘वंदे मातरम’ का औपचारिक रूप से पूर्ण संस्करण गाया गया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब इमरान मसूद के ताजा बयान ने इस विवाद को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।
