गुरुग्राम की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हाल ही में सामने आया है। यह जानकारी उसकी करीबी दोस्त हिमांशिका राजपूत की इंस्टाग्राम स्टोरी से मिली, जिसमें हिमांशिका ने राधिका की एक तस्वीर साझा की और उसके इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग किया। इस अकाउंट की जांच करने पर पता चला कि यह प्राइवेट है, जिसमें राधिका ने 6 पोस्ट शेयर की हैं। इस अकाउंट पर फिलहाल 69 फॉलोअर्स हैं और राधिका ने खुद 68 लोगों को फॉलो किया हुआ है।
राधिका के इंस्टा बायो में एक स्पेनिश कहावत लिखी है: “Todo pasa por algo”, जिसका मतलब है “सब कुछ किसी न किसी कारण से होता है।” यह वाक्य राधिका की मानसिक स्थिति और सोच को दर्शाता है।
10 जुलाई को राधिका की हत्या के बाद उसके सोशल मीडिया से जुड़ी बातें सामने आने लगी थीं। बताया गया था कि उसके पिता दीपक यादव के दबाव के कारण राधिका ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए थे। वह अपने परिवार की पाबंदियों से परेशान थी और अपनी आज़ादी को लेकर तनाव में थी।
राधिका ने अपने कोच अजय यादव से भी यह बात साझा की थी कि वह विदेश जाकर टेनिस में करियर बनाना चाहती है। ऐसे में इंस्टाग्राम अकाउंट का सामने आना यह दर्शाता है कि राधिका अभी भी सोशल मीडिया पर एक्टिव थी, भले ही सीमित दायरे में। अब यह अकाउंट उसकी निजी ज़िंदगी की झलक और उसके हालातों की जानकारी का एक अहम सुराग बन सकता है।

