दिल्ली भाजपा सरकार ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) पर कोविड काल के दौरान एक और गंभीर घोटाले का आरोप लगाया है। भाजपा का दावा है कि बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर चलाई गई ‘जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना’ में 145 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सिफारिश पर उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने इस मामले की जांच के लिए भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) को आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि वर्ष 2020-21 के दौरान योजना में गंभीर वित्तीय गड़बड़ियां सामने आई हैं।
उनके अनुसार, इस योजना का बजट केवल 15 करोड़ रुपये निर्धारित था, लेकिन आप सरकार ने 145 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी बिलों को पास करवाया। भाजपा ने आरोप लगाया कि आप ने दलितों के नाम पर सत्ता में आकर दलित छात्रों के भविष्य के साथ धोखा किया है।
गुप्ता ने कहा कि आप सरकार की यह करतूत न केवल वित्तीय भ्रष्टाचार है, बल्कि सामाजिक न्याय के साथ भी खिलवाड़ है। अब ACB इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी और जल्द ही सच सामने आएगा।
यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सहायता देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। अब योजना की पारदर्शिता और फंड उपयोग को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

