Delhi Weather Updates: दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहा। दोपहर के समय तेज हवाओं और गरज के साथ कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
तेज बारिश और बादलों की गर्जना के बीच दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में दिन के समय ही अंधेरा छा गया। बारिश का असर यातायात पर भी देखने को मिला। हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है। रविवार को भी राजधानी और आसपास के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई थी। इससे पहले 5, 6 और 7 अगस्त को हुई तेज बारिश के कारण दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
14 और 15 अगस्त को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 अगस्त को दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अगस्त को पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जबकि 15 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है। बारिश का यह दौर राजधानी के मौसम को सुहावना बनाए रखने के साथ लोगों को गर्मी से राहत दे सकता है।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।
