Parliament Monsoon Session Live: संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा चल रही है और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी देश के रक्षा मंत्री पर जमकर बरसी|प्रियंका गांधी ने सवाल उठाए कि क्या सेना प्रमुख या खुफिया प्रमुख ने अपने पद से इस्तीफा दिया है? क्या गृह मंत्री ने इस्तीफा दिया? इस्तीफे की बात तो छोड़िए, किसी ने अपनी जिम्मेदारी तक स्वीकार नहीं की| इतिहास की बात करने की बजाए, मैं वर्तमान पर ध्यान देना चाहती हूं| पिछले 11 वर्षों से आप सत्ता में हैं| कल जब गौरव गोगोई ने जिम्मेदारी की बात उठाई, राजनाथ सिंह सिर हिला रहे थे, लेकिन गृह मंत्री उस समय हंस रहे थे|
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने दावा किया है कि मुंबई हमले के बाद मनमोहन सिंह की सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया था, लेकिन उन्होंने याद दिलाया कि उस समय तीन आतंकियों को मार दिया गया था, एक को गिरफ्तार किया गया और उसे बाद में फांसी दी गई| तब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री ने इस्तीफा दिया था| इसके विपरीत, उरी और पुलवामा के दौरान राजनाथ सिंह गृह मंत्री थे, और अब वह रक्षा मंत्री हैं| मणिपुर जल रहा है, दिल्ली दंगे हुए और पहलगाम में हमला हुआ—इन सबके बावजूद अमित शाह अब भी गृह मंत्री हैं|आखिर क्यों? देश इस सवाल का जवाब जानना चाहता है| प्रियंका गांधी ने पहलगाम हमले का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय पूरा देश एकजुट होकर सरकार के साथ खड़ा हुआ| अगर भविष्य में भी ऐसा होता है, तो जनता हमेशा सरकार का समर्थन करेगी. ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने अदम्य साहस और बहादुरी दिखाई, लेकिन श्रेय लेने की कोशिश प्रधानमंत्री मोदी द्वारा की गई|