हरियाणवी सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर 5 करोड़ रुपए के लेन-देन को लेकर हमले की साजिश रची गई। सोशल मीडिया पर सुनील सरधानिया नाम के एक व्यक्ति ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। उसका दावा है कि फाजिलपुरिया ने उससे रुपए उधार लिए थे, लेकिन जब वह मशहूर हो गया, तो उसने बात करना बंद कर दिया। सुनील ने धमकी देते हुए कहा कि फाजिलपुरिया को एक महीने का समय दिया जा रहा है, जिसमें उसे पैसे लौटाने होंगे। ऐसा न करने पर हर महीने उसके किसी जानकार या रिश्तेदार को मारने की धमकी दी गई। सुनील का कहना है कि उसका मकसद केवल फाजिलपुरिया को डराना था।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान एक आरोपी विशाल (25) को गिरफ्तार किया है, जो सोनीपत के जाजल गांव का रहने वाला है। पूछताछ में विशाल ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फाजिलपुरिया की रेकी की थी। इसके लिए वह कई बार गुरुग्राम आया और अलग-अलग गेस्ट हाउसों में ठहरा। उसने फाजिलपुरिया के आने-जाने के समय, रुकने के स्थान और अन्य गतिविधियों पर नजर रखी।
घटना वाले दिन भी विशाल ने लगातार रेकी कर अपने साथियों को सूचना दी, जिसके आधार पर हमले को अंजाम दिया गया। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है। मामला चर्चित होने के कारण सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है।

