ठीक 3 साल पहले, तारीख 18 मई 2022, दिल्ली के महरौली में रहने वाले आफताब और श्रद्धा का झगड़ा हो गया। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में थे। गुस्से में आफताब ने श्रद्धा का गला घोंटकर मर्डर कर दिया।
अब तीन साल बाद, तारीख 18 मई 2025, श्रद्धा मर्डर केस दिल्ली के साकेत कोर्ट में है। अभी गवाहियां चल रही हैं। इस दौरान आफताब बार-बार वकील बदलता रहा। चेहरे पर कोई पछतावा नहीं। पुलिस से जुड़े सोर्स बताते हैं कि वो कोर्ट में बिल्कुल चुप रहता है। सिर्फ अपने वकील से बात करता है। हाथ में हमेशा केस की चार्जशीट होती है।
केस की अपडेट जानने के लिए श्रद्धा का केस लड़ रहीं वकील सीमा कुशवाहा से बात की। वे बताती हैं कि कोर्ट में फिलहाल केस की सबसे अहम कड़ी इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर राम सिंह की गवाही हो रही है। आफताब ने उनके सामने ही श्रद्धा के 35 टुकड़े करने की बात कबूल की थी। उधर, श्रद्धा और आफताब जिस फ्लैट में रहते थे, वो अब भी बंद है।

