महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक ऑटो रिक्शा चालक की पिटाई का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से एक ऑटो चालक को पीटा और उससे जबरन मराठी में माफी मंगवाई।
घटना की शुरुआत एक अन्य वीडियो से हुई, जिसमें वह ऑटो चालक चिल्लाते हुए कहता है – “हिंदी और भोजपुरी में बोलूंगा, क्या कर लोगे। मैं मराठी नहीं बोलता।” यह वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद कुछ शिवसेना (UBT) कार्यकर्ताओं ने उस ड्राइवर को पकड़ लिया।
इसके बाद सामने आए दूसरे वीडियो में देखा गया कि ड्राइवर से कान पकड़कर मराठी में माफी मंगवाई गई। वीडियो में वह हाथ जोड़कर कहता दिखता है – “मुझसे गलती हो गई, अब से मराठी में बोलूंगा।” इस दौरान उसे कई बार थप्पड़ मारे जाते हैं और जबरन क्षत्रपति शिवाजी महाराज का जयघोष करने को कहा जाता है।
यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इस पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे भाषा की जबरदस्ती और क्षेत्रीय असहिष्णुता का उदाहरण बता रहे हैं। वहीं, पुलिस ने अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर दबाव बढ़ने के बाद कार्रवाई की मांग तेज हो रही है।

