अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट, जो मियामी जा रही थी, टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। दरअसल, ‘बोइंग 737 मैक्स 8’ विमान का लैंडिंग गियर फेल हो गया, जिसके चलते टेकऑफ रोकना पड़ा। इसी दौरान विमान के पिछले हिस्से में आग लग गई।
यह घटना स्थानीय समय अनुसार दोपहर 2:45 बजे (भारतीय समयानुसार रात 2:15 बजे) हुई। विमान में उस समय 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स मौजूद थे। जैसे ही आग की सूचना मिली, एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं को तुरंत सक्रिय किया गया। यात्रियों और क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
एयरलाइंस के मुताबिक, आग को समय रहते बुझा लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। अमेरिकी एविएशन अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लैंडिंग गियर फेल होने के पीछे क्या कारण थे।
बोइंग 737 मैक्स 8 पहले भी कई बार तकनीकी खामियों के चलते चर्चा में रहा है। इस घटना के बाद फिर से विमान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट स्टाफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।