12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 हादसे का शिकार हो गई थी। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गया था। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर्स शामिल थे। केवल एक यात्री इस भयावह दुर्घटना में जीवित बच पाया।
इस हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रहा है। नियमों के अनुसार, विमान दुर्घटना की शुरुआती रिपोर्ट 30 दिनों के भीतर सार्वजनिक करना अनिवार्य होता है। सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि यह रिपोर्ट दो दिन बाद जारी कर दी जाएगी।
हाल ही में खबर सामने आई थी कि AAIB ने हादसे की प्राइमरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप दी है। यह रिपोर्ट प्रारंभिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर तैयार की गई है। हालांकि, कुछ सूत्रों ने इस दावे को नकारते हुए कहा कि फिलहाल किसी प्रकार की रिपोर्ट सरकार को नहीं दी गई है।
AAIB की रिपोर्ट से हादसे के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। यह रिपोर्ट विमान में तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या मौसम संबंधी किसी समस्या की भूमिका को उजागर कर सकती है। देश और दुनिया की निगाहें अब इस रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे दुर्घटना की असली वजह सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

