नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की 17 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एंजियोप्लास्टी की गई। एम्स की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, नड्डा की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
इससे पहले तबीयत खराब महसूस होने के बाद जेपी नड्डा को एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी कई जांचें कीं, जिनमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल थी। जांच के बाद उन्हें आगे की निगरानी और उपचार के लिए कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया।
एम्स की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की 17 अगस्त 2026 को एंजियोप्लास्टी की गई। उनकी हालत स्थिर है और एम्स, नई दिल्ली के कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है।”
क्या होती है एंजियोप्लास्टी?
एंजियोप्लास्टी हृदय की धमनियों में रक्त प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए की जाने वाली एक चिकित्सा प्रक्रिया है। इसमें एक पतले कैथेटर के जरिए छोटे बैलून को धमनी के उस हिस्से तक पहुंचाया जाता है, जहां रुकावट होती है। इसके बाद बैलून को फुलाकर धमनी को चौड़ा किया जाता है, जिससे रक्त का प्रवाह बेहतर हो सके।
कई मामलों में धमनी को खुला रखने के लिए स्टेंट भी लगाया जा सकता है। हालांकि, किसी भी चिकित्सा प्रक्रिया की तरह एंजियोप्लास्टी में भी कुछ संभावित जटिलताएं हो सकती हैं। इनमें स्टेंट से जुड़ी समस्याएं और रक्त वाहिका के दोबारा संकुचित या बंद होने जैसी स्थितियां शामिल हैं।
फिलहाल जेपी नड्डा की हालत स्थिर बताई गई है और एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।
