सनम तेरी कसम के मुख्य हीरो हर्षवर्धन राणे ने फिल्म में इंदर का रोल निभाया था और पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकेन ने सारु का रोल निभाया था| अब निर्माताओं ने इसके सीक्वल की घोषणा कर दी है लेकिन हर्षवर्धन ने भारत-पाक विवाद और देश प्रेम दिखाते हुए एक फैसला लिया है|उन्होंने कहा कि अगर निर्माता उसी कलाकारों के साथ आगे बढ़ते हैं तो वे फिल्म के सीक्वल में काम नहीं करना नहीं चाहते|
शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर हर्षवर्धन ने लिखा, ‘हालांकि मैं बहुत खुश और आभारी हूं, लेकिन जैसी स्थिति है और मेरे देश के बारे में की गई गलत टिप्पणियों को पढ़ने के बाद, मैंने सम्मानपूर्वक सनम तेरी कसम भाग 2 का हिस्सा बनने से इनकार करने का फैसला किया है, अगर पिछली कास्ट को दोहराने की कोई संभावना है।’ उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के खिलाफ मावरा होकेन के बयान का जिक्र भी किया। बता दें कि पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य आतंकी संगठनों को मुंहतोड़ जवाब देना है। हाल ही में पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकेन ने ऑपरेशन सिंदूर की निंदा की थी, इसे पाकिस्तान पर भारत का ‘कायरतापूर्ण हमला’ कहा था। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा था, ‘पाकिस्तान पर भारत के कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करती हूं। निर्दोष नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है। अल्लाह हम सबकी रक्षा करे, सद्बुद्धि आए। या अल्लाह हो या हाफिजो #पाकिस्तानजिंदाबाद।’

