आज के समय में योग केवल शारीरिक फिटनेस या मानसिक शांति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह एक लोकप्रिय और तेजी से उभरता हुआ करियर विकल्प भी बन गया है। विशेषकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग प्रशिक्षकों की मांग बहुत तेजी से बढ़ी है। लोग अब योग को एक प्रोफेशनल करियर के रूप में देखने लगे हैं, जिसमें न सिर्फ आत्मिक संतुलन प्राप्त होता है, बल्कि अच्छी कमाई और पहचान भी मिलती है। यदि आप भी योग में भविष्य बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए कई कोर्स विकल्प उपलब्ध हैं।
योग में करियर की शुरुआत करने के लिए आप सबसे पहले सर्टिफिकेट इन योग कोर्स (3–6 महीने) कर सकते हैं। यह शुरुआती ज्ञान देने वाला कोर्स होता है। इसके बाद एक वर्षीय डिप्लोमा इन योगा एजुकेशन किया जा सकता है, जो आपको शिक्षण के लिए तैयार करता है। यदि आप इस क्षेत्र में आगे पढ़ना चाहते हैं तो ग्रेजुएशन स्तर पर बी.ए या बी.एससी इन योगा (3 साल) जैसे कोर्स उपयुक्त होंगे।
उच्च शिक्षा के लिए एम.ए या एम.एससी इन योगा (2 साल) जैसे मास्टर्स प्रोग्राम या पीजी डिप्लोमा इन योगा थैरेपी किया जा सकता है, जिससे आपको योग चिकित्सा और शोध का गहरा ज्ञान मिलता है। इन कोर्सेस के बाद आप योग शिक्षक, योग चिकित्सक या निजी योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर सकते हैं। योग अब एक वैश्विक अवसर बन चुका है जिसमें करियर की अपार संभावनाएं हैं।

