भारत के प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों में से एक, कॉइन DCX को एक बड़े साइबर हमले का सामना करना पड़ा है। 19 जुलाई, शनिवार को हैकरों ने कंपनी के एक इंटरनल ऑपरेशनल अकाउंट को टारगेट करके करीब 44 मिलियन डॉलर (लगभग 380 करोड़ रुपये) की क्रिप्टोकरेंसी चुरा ली। यह घटना देश में क्रिप्टो सुरक्षा से जुड़े जोखिमों की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करती है।
कॉइन DCX की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ग्राहकों के सभी फंड पूरी तरह सुरक्षित हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई वह अपनी ट्रेजरी रिजर्व से करेगी, जिससे ग्राहकों को किसी प्रकार की आर्थिक क्षति नहीं होगी। हालांकि इस तरह के साइबर हमले यह दर्शाते हैं कि क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करते समय सुरक्षा और जोखिम का आकलन करना कितना जरूरी है।
इस घटना के सामने आने के बाद साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और निवेशकों में चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही ब्लॉकचेन तकनीक को सुरक्षित माना जाता है, लेकिन एक्सचेंज प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा में जरा सी चूक भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
कॉइन DCX इस समय घटना की जांच में जुटा है और संभावित दोषियों का पता लगाने के लिए साइबर एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। यह घटना क्रिप्टो इंडस्ट्री को अधिक सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपायों को सख्त करने का एक और संकेत देती है।
