मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव की शादी जल्द होने वाली है और यह शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इसकी खास वजह है कि सीएम ने बेटे की शादी के लिए किसी बड़े होटल या डेस्टिनेशन वेडिंग का इंतज़ाम नहीं किया, बल्कि उन्होंने इसे बेहद सरल और सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया है।
30 नवंबर को डॉ. अभिमन्यु यादव की शादी डॉ. इशिता पटेल से एक सामूहिक विवाह समारोह में होगी। इस समारोह में मुख्यमंत्री के बेटे समेत कुल 21 जोड़े एक साथ विवाह के सात फेरे लेंगे।
सीएम मोहन यादव के इस फैसले की व्यापक सराहना की जा रही है। लोग इसे समानता और सादगी का सकारात्मक संदेश मान रहे हैं। शादी का निमंत्रण पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह–तरह की प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मेहमानों से कोई उपहार न लाने का अनुरोध भी किया है। उनका कहना है कि मेहमानों का आशीर्वाद ही नवविवाहित जोड़े के लिए सबसे मूल्यवान उपहार है। कार्ड में लिखा है कि परिवार की शुभकामनाओं के साथ बेटे की शादी सामूहिक विवाह समारोह में करने का फैसला सामाजिक जागरूकता और सामंजस्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है। इसी समारोह में 21 जोड़े शादी के बंधन में बंधेंगे और इन सबके साथ उनका बेटा भी पवित्र सात फ़ेरे लेगा।

