वाराणसी में बाइक सवार बदमाशों ने घर में घुसकर दिनदहाड़े महिला की चेन छीन ली। बुजुर्ग महिला घर के बाहर बालकनी में टहल रही थी। बदमाशों ने गेट के बाहर से आवाज दी।
महिला ने अपने बेटे को बुलाने के लिए सेकेंड फ्लोर पर देखकर आवाज लगाई तभी एक बदमाश गेट के अंदर घुसा और बुजुर्ग महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ले गया। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी सड़क पर बाइक से खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।
घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे कैंट थाना क्षेत्र के कुंज विहार कॉलोनी की है। मां की आवाज सुनकर बेटा और अन्य परिवार जब पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। परिजनों ने तुरंत घर में लगा सीसीटीवी चेक किया तो आरोपी चेन छीनते हुए दिख रहा था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।

