औरंगाबाद के रफीगंज स्टेशन पर मां ने अपने चार बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी जहर खा लिया। इस घटना में मां और तीन बच्चों की अस्पताल में मौत हो गई। एक बच्चे को गंभीर हालत में औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच झगड़े के बाद महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, रफीगंज (औरंगाबाद)- पंडित दीनदयाल उपाध्याय- गया रेलखंड के रफीगंज स्टेशन के डाउन प्लेटफॉर्म पर बुधवार को मां ने चार बच्चों को जहर खिलाकर स्वयं जहर खा लिया। सभी स्टेशन पर छटपटा रहे थे कि आरपीएफ जवान एवं स्थानिय लोगों ने देख लिया।
जिससे आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज में इलाज के लिए भर्ती कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान पांच वर्षीय सूर्यमणि कुमारी, तीन वर्षीय राधा कुमारी, एक वर्षीय शिवानी कुमारी और उनकी मां सोनिया देवी (40) की मौत हो गई।
वहीं, छह वर्षीय रितेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर किया गया।
पहचान बंदेया थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव निवासी रवि बिंद की पत्नी सोनिया देवी के रूप में हुई है।
सोनिया देवी के देवर रामसूरज बिंद ने बताया कि मंगलवार की रात में पति-पत्नी में कुछ झगड़ा होने की जानकारी मिली था। सुबह पति रवि बिंद कहीं काम करने के लिए चले गए थे। सोनिया देवी अपने चारों बच्चों के साथ रफीगंज स्टेशन पहुंच गई।
सूचना मिलते ही रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर राम सुमेर, एसआई इंदल कुमार पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे। जांच में जुट गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन बच्चे और मां की मौत देखकर चाचा राम सूरज बिंद एवं मौसी बेबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जहरीला पदार्थ मां ने खुद खाकर चारों बच्चों को जहर खिलाया, जिसमें तीन बच्चे और उसकी मौत इलाज के दौरान हो गई। पुत्र रितेश कुमार को स्थिति नाजुक देखते हुए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है और हालत गंभीर है।

