नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त की गईं पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की रविवार सुबह 11 बजे सिंह दरबार में प्रधानमंत्री पद का औपचारिक कार्यभार संभालेंगी। शुक्रवार रात को अंतरिम सरकार की कमान मिलने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक कदम होगा।
प्रधानमंत्री बनने के साथ ही कार्की अपने मंत्रिमंडल के गठन की तैयारी में भी जुट गई हैं। सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल का स्वरूप सीमित रखा जाएगा और कुछ अहम मंत्रालय जैसे गृह, विदेश और रक्षा मंत्रालय खुद प्रधानमंत्री के पास रह सकते हैं।
शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियों के बीच उन्होंने सिविल अस्पताल जाकर सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों का हालचाल भी जाना। इससे पहले शुक्रवार को शपथ लेने के तुरंत बाद भी वह अस्पताल पहुंची थीं।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्की ने मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने के लिए जेन जी आंदोलन से जुड़े सलाहकारों और प्रमुख हस्तियों से विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। उनके एक करीबी सहयोगी ने जानकारी दी कि रविवार को सुबह मंत्रिमंडल के गठन को लेकर गहन चर्चा शुरू होगी।
हालांकि कार्की के पास सभी 25 मंत्रालयों का अधिकार रहेगा, लेकिन वह 15 से अधिक मंत्रियों के साथ एक सशक्त और संतुलित मंत्रिमंडल का गठन करना चाहती हैं।

