भारत में दहेज हत्याएं एक बड़ी समस्या हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के अनुसार, 2022 में लगभग 6,000 से अधिक दहेज-संबंधी मामले दर्ज हुए थे, जिनमें सैकड़ों हत्याएं शामिल हैं। यह घटना फिर से जागरूकता पैदा करती है कि दहेज लेना-देना अवैध है और इसके खिलाफ सख्त कानून हैं। फिर सुर्खियों में दहेज के लालच ने किसी की बेटी को एक हैवान की हैवानियत का शिकार बना डाला|

मामला उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली के सिरसा गांव का है जहां 36 लाख रुपये के दहेज के लिए लालची ससुराल पक्ष ने मासूम लड़की को जिंदा जलाकर मार डाला|बता दें ससुराल वालों ने पहले उसकी पिटाई की, फिर उसके बाल पकड़कर उसे घसीटा और उसकी बहन और बेटे के सामने ही उसे जिंदा आग लगा दी|पीड़िता का नाम निक्की बताया जा रहा है और उसकी उम्र 26 साल बताई जा रही है|निक्की का विवाह दिसंबर 2016 में विपिन भाटी के साथ हुआ था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद निक्की के परिवारजन सैकड़ों ग्रामीणों के साथ कासना कोतवाली पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।निक्की के छोटे बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्पष्ट रूप से कहता है कि उसके पापा ने उसकी मम्मी को लाइटर से जलाकर मार दिया। ये पूरा मामला 21 अगस्त की रात का है|

पीड़िता की बड़ी बहन कंचन, जो स्वयं विपिन के बड़े भाई की पत्नी हैं, ने खुलासा किया कि दोनों बहनों को शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार पर आरोप है कि वे लगातार 36 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। कंचन ने बताया कि घटना वाले दिन रात 1:30 बजे से सुबह 4 बजे तक उसे भी निर्दयता से मारा-पीटा गया और यहां तक कहा गया कि उसके लिए मर जाना ही बेहतर होगा। उसी दिन शाम को, उसकी आंखों के सामने निक्की को बर्बरता से पीटा गया और उस पर किसी तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। उसने अपनी बहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन संघर्ष के दौरान वह बेहोश होकर गिर गई।

