संभल जिले के बहजोई कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस रिकॉर्ड में मृत घोषित किया गया युवक 18 दिन बाद जिंदा कोतवाली पहुंच गया। दरअसल 24 दिसंबर को चांदनी चौक मार्केट के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान जेब में मिले दस्तावेजों और हाथ पर बने टैटू के आधार पर बहजोई निवासी सुशील कुमार के रूप में की गई। सुशील की बहन बिमला द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने करीब 15 हजार रुपये खर्च कर पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार और तेरहवीं तक कर दी। लेकिन 18 दिन बाद जब खुद सुशील कुमार जिंदा कोतवाली पहुंचा तो परिजन स्तब्ध रह गए और पूरे मामले में हड़कंप मच गया। इसके बाद खुलासा हुआ कि जिसकी हत्या हुई थी वह कोई और व्यक्ति था और पुलिस ने गलत पहचान के आधार पर मामला दर्ज कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कराई गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक वास्तव में कौन था और उसकी हत्या किसने की, वहीं पहचान में हुई इस बड़ी चूक की भी गहन जांच की जा रही है। निरीक्षक संत कुमार ने बताया कि सुशील कुमार के जीवित मिलने के बाद पूरे मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
#sambhal #viralnews #policerecord #alivemandiedinrecords #upnews #uttarpradesh #administration
