प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के पूर्णिया दौरे पर हैं, जहां वे पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी दोपहर करीब 2:20 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और इस दौरान राज्य को 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
पीएम के दौरे से पहले राज्य की सियासत भी गर्म हो गई है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मोदी सरकार को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए दावा किया कि उन्होंने अपने चुनावी वादों को महज एक साल में पूरा कर दिखाया।
पप्पू यादव ने कहा, “हमने जो सपना देखा था, उसे साकार किया। ये हमारे संघर्ष और लोगों के विश्वास की जीत है। चाहे बात पूर्णिया एयरपोर्ट की हो, वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की हो, या नई रेलवे लाइन और एक्सप्रेसवे की, मैंने हर मोर्चे पर काम किया है।”
हालांकि, उन्होंने सरकार से सवाल भी पूछे। उन्होंने कहा, “बिहार में अब तक एक भी स्मार्ट सिटी क्यों नहीं है? पटना में केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग कब पूरी होगी?”
इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि वे राज्य के लिए एक “महत्वपूर्ण अतिथि” हैं और उनका अभिनंदन किया जाना चाहिए।

