नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा की गई। इस विशेष सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी एक बार फिर चर्चा में रही, जब वे आम कार्यकर्ता की तरह सबसे अंतिम पंक्ति में बैठे नजर आए।
कार्यशाला के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों के लिए सम्मानित किया गया। जीएसटी से जुड़े इन बदलावों को कर व्यवस्था को सरल बनाने और आम लोगों पर कर का बोझ घटाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जीएसटी सुधारों को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया, जिसे भाजपा सांसदों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सांसदों ने उनके नेतृत्व की सराहना की।
भाजपा का मानना है कि इन आर्थिक सुधारों का प्रभाव आगामी बिहार विधानसभा चुनावों पर भी पड़ेगा। पार्टी और उसके सहयोगी दलों को उम्मीद है कि जीएसटी में हुए बदलावों से जनता में सकारात्मक संदेश जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में भाजपा समर्थित एनडीए प्रत्याशी सी. पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के उम्मीदवार पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है।

