प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। मालदा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और इस सफर में पूर्वी भारत की भूमिका बेहद अहम है। पीएम ने कहा कि लंबे समय तक पूर्वी भारत को नफरत और विभाजन की राजनीति में उलझाए रखा गया, लेकिन बीजेपी ने इन राज्यों को उस राजनीति से बाहर निकालने का काम किया है। आज अगर किसी पार्टी पर पूर्वी भारत भरोसा कर रहा है, तो वह भारतीय जनता पार्टी है।
प्रधानमंत्री ने ओडिशा, त्रिपुरा और असम का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों ने बीजेपी के सुशासन पर विश्वास जताया है। हाल ही में बिहार में भी बीजेपी-एनडीए सरकार का गठन हुआ है। उन्होंने कहा कि बंगाल के चारों ओर बीजेपी की सरकारें काम कर रही हैं और अब समय आ गया है कि पश्चिम बंगाल में भी सुशासन की शुरुआत हो।
पीएम मोदी ने कहा कि जिन इलाकों में वर्षों तक बीजेपी को लेकर गलत धारणाएं फैलाई गईं, वहां के मतदाता भी अब पार्टी को समर्थन दे रहे हैं। मालदा की सभा में लोगों का उत्साह देखकर उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार बंगाल की जनता बीजेपी को जीत दिलाएगी। उन्होंने महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को वहां ऐतिहासिक सफलता मिली है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि मुंबई महानगरपालिका जैसे देश के सबसे बड़े नगर निगम में बीजेपी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। इसके अलावा केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी बीजेपी का मेयर बनना इस बात का संकेत है कि पार्टी को उन जगहों पर भी समर्थन मिल रहा है, जहां कभी जीत की कल्पना भी नहीं की जाती थी। पीएम ने कहा कि यह देश के मतदाताओं, खासकर युवा पीढ़ी और Gen Z का बीजेपी के विकास मॉडल पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

