हिमाचल प्रदेश में रविवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बारिश के कारण चंबा जिले के एक गांव में दुखद हादसा हो गया, जहां एक नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी मात्र 5 महीने पहले हुई थी। पत्नी अपने मायके आई हुई थी और रविवार को उसका पति उसे वापस ससुराल ले जाने आया था। सोमवार को उन्हें लौटना था, लेकिन बारिश के चलते हुए हादसे में दोनों की जान चली गई।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम ने कहर बरपाया है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर दवाड़ा के पास भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य में लगातार बारिश और जगह-जगह सड़कों के बाधित होने को देखते हुए प्रशासन ने ऐहतियातन कई शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
शिमला, मंडी, कुल्लू और सिरमौर जिलों के कुल 9 सब डिवीजनों में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। इनमें शिमला के ठियोग, रोहड़ू, चौपाल, सुन्नी और कुमारसैन, मंडी के थुनाग और करसोग, कुल्लू की आनी तथा सिरमौर की शिलाई सब डिवीजन शामिल हैं। यह फैसला बच्चों की सुरक्षा और सड़कों के बाधित होने की वजह से लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।

