इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.5 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। यह मामला 28 सितंबर का है, जब बैंकॉक से दिल्ली आने वाली फ्लाइट TG-323 से आए दो भारतीय नागरिकों को स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका गया।
सीमा शुल्क अधिकारियों ने उनकी जांच के दौरान नीले और मैरून रंग के दो ट्रॉली बैग की एक्स-रे जांच कराई। इसके बाद बैगों की तलाशी में कुल 13 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का मादक पदार्थ था। अधिकारियों को संदेह हुआ कि यह मारिजुआना है, जिसका शुद्ध वजन लगभग 6.5 किलो था।
दिल्ली कस्टम्स ने ट्वीट के जरिए जानकारी दी कि यह एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामला है, जिसमें हरे रंग के मादक पदार्थ की तस्करी का आरोप लगाया गया है। दोनों आरोपी टर्मिनल-3 पर ग्रीन चैनल से डायवर्ट किए गए थे, जहां से कस्टम अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया।

