लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, जब टीम गश्त कर रही थी, तभी संदिग्ध स्थिति में एक युवक नजर आया। पुलिस को देखते ही वह तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान सूरज सोनी उर्फ अभिषेक पुत्र राजू सोनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम नहरवाल, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह नवीन गौरी, अमौसी थाना सरोजनी नगर क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूरज सोनी के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और 2018 व 2022 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही उच्च पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस उद्देश्य से उस इलाके में सक्रिय था।

