जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए गैंगरेप के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 4 घंटे के अंदर सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 5 मुख्य आरोपी और 4 सह-आरोपी शामिल हैं। सभी आरोपी नाबालिग हैं।
एसपी ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह के अनुसार, बीती रात शाहगंज में प्रदर्शनी के पास एक लड़की असहाय अवस्था में मिली। स्थानीय पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता ने एक प्रार्थना पत्र में बताया कि 5 लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि 4 अन्य ने इसमें सहयोग किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 5 टीमें गठित कीं। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी एक सूनसान बिल्डिंग में छिपे हुए हैं और भागने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने बिल्डिंग की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी छत से कूदकर भागने लगे और चोटिल हो गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया। आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।