जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा पर एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। विश्वविद्यालय के फार्मेसी भवन स्थित इनक्यूबेशन सेंटर में 9 अप्रैल को “भारतीय ज्ञान परंपरा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
संगोष्ठी के समन्वयक प्रोफेसर गिरिधर मिश्र ने कार्यक्रम की जानकारी दी। संगोष्ठी में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बीएल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह करेंगी।
इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता से लोगों को अवगत कराना है। कार्यक्रम में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से डॉ. एम के सिंह चौहान, प्रो. अजीत सिंह और डॉ. शुभम चौहान विशेष वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।

