उत्तर प्रदेश के काशी (वाराणसी) में स्थित प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ धाम में आज अलसुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। विशेष अवसर को देखते हुए मंदिर के कपाट रात 3 बजे ही श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके बाद सुबह 4 बजे बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती संपन्न हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, आज काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अनुमान है कि पूरे दिन में तीन लाख से अधिक लोग बाबा के दर्शन करने पहुंच सकते हैं। भक्तों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, PAC और स्वयंसेवक पूरी व्यवस्था को संभालने में जुटे हैं।
सुबह से ही मंदिर के आसपास की सड़कों पर भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि कतारें करीब 3 किलोमीटर तक फैली हुई हैं। भक्तों में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जबरदस्त उत्साह है। कई श्रद्धालु रात से ही मंदिर परिसर के बाहर डटे हुए थे।
काशी विश्वनाथ धाम के आस-पास की गलियों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, मेडिकल और शौचालय जैसी सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

