प्रयागराज में यूपी एसटीएफ (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर छोटू धनबादिया उर्फ आशीष रंजन को एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया। छोटू धनबादिया पर 4 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष रंजन मध्य प्रदेश के रास्ते प्रयागराज के शंकरगढ़ इलाके में पहुंचा था। STF को उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इंस्पेक्टर जेपी राय के नेतृत्व में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। जब STF ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आशीष मारा गया।
आशीष रंजन का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। वह झारखंड और आसपास के राज्यों में कई संगीन वारदातों में शामिल रहा है, जिनमें हत्या, लूट, फिरौती और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, वह एक संगठित गिरोह का सरगना था और अपने नेटवर्क के जरिए अवैध वसूली और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था।
प्रयागराज में हुई इस मुठभेड़ के बाद STF की कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। माना जा रहा है कि छोटू धनबादिया किसी बड़े अपराध की साजिश रचने के लिए प्रयागराज पहुंचा था। एसटीएफ अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की जांच में जुट गई है, ताकि उसके गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों को भी पकड़ा जा सके।

