आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र से चार दिन पहले लापता हुए छात्र कुणाल प्रजापति का शव हाथरस जिले के सहपऊ क्षेत्र में मिला है। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन हाथरस के लिए रवाना हो गए। कुणाल के माता-पिता और परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रो कर बुरा हाल है।
कुणाल प्रजापति हरीपर्वत क्षेत्र के सुल्तानगंज पुलिया इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके पिता, देवेंद्र प्रजापति ने पुलिस को बताया था कि उनका 19 वर्षीय बेटा कुणाल 27 जून को स्कूटी लेकर घर से निकला था। जाते समय उसने लाल रंग की टीशर्ट पहन रखी थी और कहा था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामला पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
1 जुलाई को कुणाल का शव हाथरस के सहपऊ इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजन और स्थानीय लोग इसे एक गंभीर मामला मान रहे हैं और जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

