कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां दोस्तों ने ही एक महिला की हत्या कर दी। वजह थी – उसका कीमती मंगलसूत्र। यह घटना गौरीबिदनूर तालुक के नामगोंडलू गांव के पास हुई। मृतक महिला की पहचान 27 वर्षीय अर्चना के रूप में हुई है।
अर्चना आंध्र प्रदेश के सत्य साई जिले के हिंदूपुर की रहने वाली थीं और फ्री समय में शादियों में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थीं। वे शादीशुदा थीं और दो बच्चों की मां थीं। 14 अगस्त को अर्चना अपने दोस्तों के साथ चिक्कबल्लापुर स्थित ईशा फाउंडेशन जाने के लिए घर से निकलीं, लेकिन लौटकर नहीं आईं। तीन दिन बाद, 17 अगस्त को उनका शव गांव के पास बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि अर्चना की हत्या उन्हीं के परिचित राकेश और उसकी प्रेमिका अंजलि ने की थी। राकेश बेंगलुरु में ऑटो चालक है और मूल रूप से विरुपासांद्रा गांव (गौरीबिदनूर तालुक) का रहने वाला है। पुलिस ने पूछताछ के बाद राकेश और अंजलि को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी – नवीन और निहारिका – अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
जांच में पता चला कि अर्चना को पहले झांसे में लेकर ईशा फाउंडेशन के बहाने बुलाया गया और फिर गाड़ी में ही गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई। वारदात के बाद आरोपी उसका मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए।
मनचेनहल्ली पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

