प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है और उनके जीवन को परिश्रम, संकल्प और राष्ट्र सेवा का प्रतीक बताया है। अपने लेख में मुख्यमंत्री ने लिखा, “जो परिश्रम में तपता है, वही इतिहास रचता है। यही समय है समय को मोड़ने का।”
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर उनके मध्यप्रदेश आगमन को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने जानकारी दी कि पीएम मोदी धार जिले के भैंसोला गांव में देश के पहले ‘पीएम मित्र पार्क’ की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वे ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार’, ‘पोषण अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े की भी शुरुआत करेंगे।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का संपूर्ण जीवन सेवा, परिश्रम और राष्ट्र के लिए समर्पण की मिसाल है। संघ कार्य से शुरू हुई उनकी यात्रा ने आज भारत को विश्व मंच पर गौरवपूर्ण स्थान दिलाया है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और स्वदेशी संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 8.5 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।

