गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल में चर्चित चिकित्सक डॉ. तपेश्वर सिंह पर जानलेवा हमला हुआ है। घटना शेरघाटी के शेखपुरा मोहल्ले की है, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग की। गोली उनके जबड़े के पास लगी, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद डॉ. सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही स्कूटी से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्होंने खुद को गया मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर भी करवाया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटनास्थल से एक लोडेड पिस्टल भी बरामद हुई है, जिससे पुलिस को हमले में साजिश की आशंका है।
डॉ. तपेश्वर सिंह शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल के पूर्व चिकित्सा प्रभारी रह चुके हैं और सेवानिवृत्त होने के बाद निजी क्लिनिक चलाते हैं। पारिवारिक विवाद को भी इस हमले से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि उनका एक बेटा अमेरिका में रहता है, जबकि दूसरा साथ में रहता है। अमेरिका में रहने वाले बेटे से संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इसी साल 6 जनवरी को भी उनके क्लिनिक पर बमबारी और फायरिंग की गई थी। अब दोबारा हुए इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।