प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े की शुरुआत छत्तीसगढ़ में भी जोर-शोर से की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर से इस अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रायपुर नगर निगम समेत विभिन्न नगरीय निकायों के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, उन्होंने खुद झाड़ू उठाकर परिसर की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े में सक्रिय भागीदारी की अपील की। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

