मैन इन ब्लैक, बैड बॉय्ज और अलादीन जैसी बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा रहे हॉलीवुड एक्टर विल स्मिथ हाल ही में भांगड़ा करते नजर आए हैं। पॉपुलर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के साथ उन्होंने भांगड़ा की स्टेप्स फॉलो की हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिलजीत दोसांझ और विल स्मिथ ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से भांगड़ा करते हुए वीडियो शेयर की है। इसके साथ सिंगर दिलजीत ने लिखा है, पंजाबी आ गए ओए। वन एंड ओनली लिविंग लीजेंड विल स्मिथ के साथ। विल स्मिथ को भांगड़ा करते और पंजाब ढोल बीट पर एंजॉय करते देखना बेहद प्रेरणादायक है।
वीडियो में दिलजीत दोसांझ सफेद कुर्ता-पजामा और नारंगी पगड़ी बांधे नजर आए हैं, वहीं विल स्मिथ नीला को-ऑर्ड पहने हुए हैं। वीडियो शेयर किए जाने के चंद मिनटों में ही इसे लाखों व्यूज मिल चुके हैं। दो घंटों में ही वीडियो को साढ़े 6 लाख व्यूज मिल चुके हैं। वहीं फैंस भी इस कोलेबोरेशन की जमकर तारीफें कर रहे हैं।

