राजस्थान के भरतपुर में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण पर ‘धोखाधड़ी’ का केस दर्ज किया गया है. Hyundai कार खरीदने वाले एक शख्स ने खराब गाड़ी बेचने का आरोप लगाते हुए दोनों फिल्मी सितारों के साथ-साथ कंपनी के कर्मचारी और एमडी तक के खिलाफ भी केस दर्ज कराया है. गाड़ी के मालिक का आरोप है कि तकरीबन 24 लाख रुपये की कीमत देने के बाद भी उन्हें ‘खराब’ कार दी गई और जब उन्होंने इसकी शिकायत की तो कंपनी ने न तो गाड़ी रिप्लेस की और न ही उनके पैसे लौटाए. इसलिए उन्होंने मथुरा गेट थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है.
दरअसल, भरतपुर के अनिरुद्धनगर के रहने वाले कीर्ति सिंह ने 14 जून 2022 को हरियाणा के सोनीपत के मालवा ऑटो सेल्स प्राइवेट लिमिटेड से हुंडई अल्काजार कार खरीदी थी. उन्होंने बताया कि कंपनी ने उन्हें ‘टेक्निकल डिफॉल्टेड’ कार बेच दी थी. खरीदने के तुरंत बाद से ही गाड़ी में खराबी आने लगी. शिकायत दर्ज कराने के लिए एजेंसी के अधिकारियों से संपर्क किया तो कोई सुनवाई नहीं हो पाई. एजेंसी के लोगों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला तो कीर्ति सिंह ने मजबूर होकर कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कराने का फैसला किया.

