आगरा के खंदौली क्षेत्र में भाजपा नेता आनंद शर्मा को महिलाओं ने घर में घुसकर जमकर पीटा। घटना रविवार को हुई, जब दर्जनों महिलाएं उनके घर पहुंचीं और उनकी पत्नी के सामने ही उन्हें चप्पलों और थप्पड़ों से पीटने लगीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाओं ने उन्हें कॉलर पकड़कर घर से बाहर खींचा, बाल पकड़े और गालियां दीं। एक मिनट 15 सेकंड के वीडियो में महिलाओं द्वारा उन्हें 22 बार चप्पल मारते हुए देखा जा सकता है।
नेता आनंद शर्मा इस दौरान हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। बाद में उनकी पत्नी महिलाओं के सामने हाथ जोड़कर खड़ी हो गईं, तब जाकर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने नेता को छोड़ा।
महिलाओं का आरोप है कि आनंद शर्मा पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को व्हाट्सऐप पर अश्लील संदेश और वीडियो भेजते थे। कई बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं सुधरे तो महिलाएं खुद कार्रवाई पर उतर आईं। भाजपा बूथ अध्यक्ष आनंद शर्मा पर यह कार्रवाई उनके ही क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं ने की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिससे भाजपा के स्थानीय संगठन में हड़कंप मच गया है। पार्टी ने फिलहाल इस मामले में चुप्पी साध रखी है, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि क्या ऐसे लोगों को पार्टी में जगह मिलनी चाहिए। पुलिस कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

