भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कथित तौर पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम के मेंटर की भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया है। यह खबर क्रिकब्लॉगर के हवाले से सामने आई है, जिसमें BCCI के एक सूत्र ने कहा, “धोनी को एक बार फिर भारतीय क्रिकेट को मार्गदर्शन देने का ऑफर दिया गया है।” बोर्ड का मानना है कि धोनी का अनुभव, शांत नेतृत्व और बड़े मैचों में उनकी समझ भारतीय टीम को खिताब की रक्षा में मदद कर सकती है।
हालांकि, यह भी बताया जा रहा है कि धोनी इस प्रस्ताव को स्वीकार करने में हिचक सकते हैं, क्योंकि वर्तमान हेड कोच गौतम गंभीर के साथ उनके रिश्ते बहुत अच्छे नहीं हैं। दोनों के बीच खिलाड़ी के तौर पर पुराने मतभेद रहे हैं, जिसके कारण धोनी इस भूमिका को ठुकरा सकते हैं। धोनी ने पहले 2021 टी20 विश्व कप में मेंटर की भूमिका निभाई थी, लेकिन तब भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और वह नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी थी।
फिलहाल, धोनी का ध्यान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और आगामी IPL सीजन पर केंद्रित है, जो संभवतः उनका आखिरी सीजन हो सकता है। BCCI ने धोनी को एक व्यापक भूमिका की पेशकश की है, जिसमें सीनियर, महिला और जूनियर टीमों को मार्गदर्शन देना शामिल है, लेकिन इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि धोनी इस प्रस्ताव को स्वीकार करेंगे या नहीं। बता दें साल 2021 में टी-20 विश्व कप के लिए BCCI ने धोनी को भारतीय पुरुष टीम के लिए मेंटर के रूप में चुना था|

