नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार को बनाए रखने और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। मंगलवार को एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, विदेश में शादी न करने और जरूरत न होने पर सोना नहीं खरीदने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और वैश्विक संकटों से घिरी हुई है। सप्लाई चेन पर भी इसका असर पड़ा है। इसके बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक गति को बनाए रखने के लिए आत्मनिर्भरता पर जोर देना जरूरी है।
‘विदेश में शादी न करें, जरूरत न हो तो सोना न खरीदें’
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि देशवासियों को ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेड इन इंडिया’ के मंत्र को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर घूमने-फिरने जाते हैं तो विदेशों की यात्राएं नहीं करनी चाहिए। शादी बाहर विदेशों में करते हैं तो नहीं करनी चाहिए। मेड इन इंडिया के मंत्र को जीना चाहिए और जरूरत ना हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और इसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
7.8% GDP ग्रोथ का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने भारत की 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता और संकटों के बावजूद भारत ने तेज आर्थिक विकास दर्ज किया है।
इसी दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग “झूठ की गूंज” के जरिए निराशा फैलाने में लगे हैं। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि इन परिस्थितियों को पीछे छोड़ते हुए देश ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है।
‘विकसित भारत’ के लक्ष्य पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगर देशवासी आत्मनिर्भरता और स्वदेशी पर लगातार जोर देंगे तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी के सपनों को आज के प्रयासों और मेहनत के जरिए पूरा करना होगा। पीएम मोदी ने लोगों से देश की प्रगति में योगदान देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।
मई में भी की थी ऐसी अपील
इससे पहले मई में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से ईंधन बचाने, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, सोने की खरीद कम करने और भारत में बने उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया था। यह अपील अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में पैदा हुई बाधाओं के बीच की गई थी।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।
