बरेली में 26 सितंबर को हुई हिंसा के बाद हालात फिलहाल शांत हैं, लेकिन प्रशासन सतर्क मोड में है। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आज बरेली जाने वाला था, मगर प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी।
लखनऊ में माता प्रसाद पांडे के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें बरेली रवाना होने से रोक दिया गया। पीजीआई थाना पुलिस ने उन्हें इस बाबत नोटिस भी सौंपा है। इसके अलावा, सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क के आवास पर भी पुलिस तैनात है और उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा, जिससे स्थिति हाउस अरेस्ट जैसी हो गई है।
बरेली के जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत किसी भी बाहरी व्यक्ति, सामाजिक संगठन या जनप्रतिनिधि को सक्षम अनुमति के बिना जिले में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पुलिस को निर्देशित किया गया है कि जिले की संवेदनशील स्थिति को ध्यान में रखते हुए ऐसे किसी भी कार्यक्रम को बरेली की सीमा में प्रवेश से पहले ही रोका जाए।

