उत्तर प्रदेश के इटावा में एक युवक को वंदे भारत ट्रेन के हॉर्न की आवाज इतनी नागवार गुजरी कि उस शख्स ने होली डे स्पेशल वंदे भारत ट्रेन पर ईंट पत्थर फेंक कर अपनी भड़ास निकाली. ट्रेन पर पथराव की घटना की सूचना पर आरपीएफ और रेलवे में हड़कंप मच गया. आरपीएफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी और उसे हिरासत में लिया.
यह घटना जसवंतनगर रेलवे स्टेशन के पास घटी, जहां वंदे भारत ट्रेन पर हुए पथराव की वजह से ट्रेन के C1 कोच का एक शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया. इस दौरान कोच में सफर कर रहे यात्रियों में चीख पुकार मच गई. वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया और अलीगढ़ में मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेजा.
