हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर से ताल्लुक रखने वाली डॉ. श्वेता नेगी ने पूरे देश में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा 2025 (AIAPGET-2025) में अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह परीक्षा आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है।
डॉ. श्वेता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया है। उन्होंने बताया कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन लगन और निरंतर अभ्यास से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। डॉ. श्वेता की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे किन्नौर जिले में खुशी की लहर है। खासकर दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक प्रेरणादायक उदाहरण है कि सही दिशा और मेहनत से कोई भी ऊंचाई पाई जा सकती है।
श्वेता की उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में जनजातीय समुदाय की यह प्रगति सामाजिक समावेशन और समृद्धि का संकेत है। उनके इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों ने उन्हें बधाई दी है। डॉ. श्वेता अब आयुर्वेद के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज सेवा के लिए कार्य करना चाहती हैं।

